सोनीपत: आर्य कन्या विद्यालय में श्रमिक दिवस पर कर्मचारियों का सम्मान
सोनीपत, अजीत कुमार। आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। बुद्ध पूर्णिमा के स्थानीय अवकाश के कारण यह कार्यक्रम 30 अप्रैल को आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सफाई कर्मियों, माली और सुरक्षा गार्ड को मंच पर बुलाकर पुष्प और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद कार्ड भेंट किए और केक काटकर खुशी मनाई। कक्षा सातवीं की छात्राओं ने “श्रम का महत्व” विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत की, जबकि नर्सरी से केजी तक के बच्चों ने कविताएं सुनाकर सभी का मन मोह लिया। छोटे बच्चों ने श्रमिकों का रूप धारण कर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया।
विद्यालय के प्रधान अजय गर्ग ने कर्मचारियों को विद्यालय की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। प्रधानाचार्या सुनीता अहलावत ने छात्राओं को श्रम के महत्व के बारे में बताया और सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ के सभी सदस्यों ने कर्मचारियों को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
