सोनीपत: नाहरी में अवैध कॉलोनी व निर्माण पर चला बुलडोजर अभियान
सोनीपत: अवैध निर्माणों को शुरुआती चरण में रोकने की कार्रवाई करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण एसएमडीए की टीम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए गांव नाहरी की राजस्व भूमि में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। जिला नगर योजनाकार नीलम शर्मा ने बताया कि उपायुक्त नेहा सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध निर्माणों को शुरुआती चरण में ही रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को नियंत्रित क्षेत्र खरखौदा में लगभग साढ़े सात एकड़ में फैली दो अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 66 डीपीसी, एक निर्माणाधीन मकान और लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में ईंटों से बनाए गए रास्तों को पूरी तरह तोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहायक अभियंता एसएमडीए अंकित दहिया, एसएमडीए इंफोर्समेंट टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें। ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से सड़क, पानी, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे लोगों की मेहनत की कमाई जोखिम में पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले यह जरूर जांच लें कि संबंधित कॉलोनी नियमानुसार स्वीकृत है या नहीं। नीलम शर्मा ने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले एसएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति किए गए निर्माण को किसी भी समय नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के तहत गिराया जा सकता है।
