सोनीपत: पुरानी रंजिश में दोस्तों ने पेचकस से दोस्त की हत्या कर दी
सोनीपत: अस्ताल जहां चिकित्सकों ने युद्ध को मृत घोषित किया
सोनीपत, ज्योति शर्मा। सोनीपत जिले के एक गांव में 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद दोस्तों ने ही युवक को घेरकर पेचकस से वार किए और उसकी जान ले ली। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
मृतक की पहचान गांव दोदवा निवासी युद्धवीर (23) के रूप में हुई है। वह एक निजी बैंक से जुड़ा हुआ था और उन वाहनों को पकड़ने का काम करता था जिनकी किस्तें समय पर जमा नहीं होती थीं। परिवार के अनुसार युद्धवीर मेहनती और जिम्मेदार था। चार-पांच दिन पहले गांव के ही निक्की के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस भी इसी दिशा में जांच कर रही है। बुधवार देर शाम युद्धवीर पिनाना से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पंचायत भवन के नजदीक पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे निक्की और उसके एक साथी ने उसे रोक लिया।
हमले के दौरान युद्धवीर ने खुद को बचाने की कोशिश की और खेतों की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पेचकस से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे तुरंत बीपीएस मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खानपुर मेडिकल में रखवाया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
