April 16, 2026

सोनीपत क्राइम: खरखौदा ईंट भट्ठे के पास महिला शव मिला, हत्या की आशंका  

Woman's body found near Kharkhauda brick kiln, murder suspected

सोनीपत: एसीपी जोगिंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर जानकारी देते हुए

 सोनीपत, ज्योति शर्मासोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में सड़क किनारे संदिग्ध हालात में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार की सुबह सिसाना-सिलाना मार्ग से गुजर रहे एक ग्रामीण की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतका की पहचान राजमहल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ फौगाट ईंट भट्ठे के पास बने एक कमरे में रहती थी और कूड़ा बीनकर परिवार का पालन-पोषण करती थी। रोजाना की तरह वह इसी क्षेत्र में काम के लिए आती-जाती थी। घटनास्थल भट्ठे के पास बताया जा रहा है, जहां खून के निशान मिलने से वारदात बेरहमी से अंजाम दिए जाने की आशंका है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला के सिर पर ईंट से वार किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में कार्रवाई तेज कर दी गई है।

एसीपी जोगिंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और क्षेत्र के संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

About The Author