March 28, 2026

मोहन लाल बडौली: घोषणापत्र के 65 वायदे पूरे, गोहाना रैली रिकार्ड तोड़ होगी

Sonipat: 65 promises of the manifesto fulfilled, Gohana rally will be record breaking: Mohan Lal Badauli

सोनीपत: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली और कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा पत्रकारों से वार्ता करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली और कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने शनिवार को नई सब्जी मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए 29 मार्च को गोहाना में प्रस्तावित धन्यवाद एवं विकास रैली की तैयारियों का जायजा लिया। नेताओं ने दावा किया कि यह रैली जनसमर्थन के लिहाज से ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ होगी।

प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कहा कि नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार जनहित के अनेक कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में 217 वायदे किए थे, जिनमें से 65 वायदे पूरे किए जा चुके हैं और शेष वायदे भी विधानसभा चुनाव से पहले पूरे कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर फैल रही आशंकाओं पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि देश में किसी प्रकार की कमी नहीं है, इसलिए नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यालयों में ध्वज फहराने और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी।

कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि गोहाना विधानसभा क्षेत्र को जल्द नई सौगातें मिलेंगी और क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने बताया कि रैली को लेकर नागरिकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, जो इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएगा।

जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कार्यकर्ता पूरे उत्साह से जुटे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बड़ी संख्या में लोग भाग लेकर विकास के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करेंगे। जिला महामंत्री महेंद्र चिड़ाना एवं जितेन्द्र शर्मा, इंद्रजीत विरमानी, नरेंद्र गहलावत, बलराम कौशिक, डॉ.ओमप्रकाश शर्मा, परमवीर सैनी, सरपंच पवन शर्मा, डॉ.राममेहर राठी, कृष्ण सैनी, मुकेश रोहिल्ला, राजू पटवा, प्रवीण खुराना, बबलू बाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।

About The Author