March 5, 2026

वानखेड़े में महासंग्राम: भारत–इंग्लैंड सेमीफाइनल में तीसरी लगातार टक्कर

The epic battle at the Wankhede: India and England clash for the third consecutive time in the semi-finals

वानखेड़े में महासंग्राम।

मुंबई। टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच की पराकाष्ठा लेकर आ रहा है। मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। 2022 और 2024 में दोनों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले हुए थे और दोनों ने एक-एक जीत दर्ज की थी। खास बात यह रही कि सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने फाइनल भी अपने नाम किया।

छठी बार सेमीफाइनल में दोनों टीमें
भारत की टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में टीम अंतिम चार में जगह बना चुकी है और पांच में से तीन सेमीफाइनल जीतकर फाइनल का टिकट कटाया। दूसरी ओर इंग्लैंड भी छठी बार इस चरण में पहुंचा है। 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में टीम ने सेमीफाइनल खेला, जिनमें से तीन बार जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।

हेड-टू-हेड और वर्ल्ड कप रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का यह छठा आमना-सामना होगा। अब तक खेले गए पांच मुकाबलों में भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो जीत दर्ज की हैं। आंकड़े बताते हैं कि मुकाबला कांटे का रहने वाला है।

फॉर्म में सितारे खिलाड़ी
भारत के लिए इस टूर्नामेंट में कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार लय में हैं। उन्होंने सात मैचों में 231 रन बनाए हैं, जिसमें 84 रन की बेहतरीन पारी शामिल है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 12 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है।

इंग्लैंड की ओर से हैरी ब्रूक ने सात मैचों में 228 रन बनाकर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली है। वहीं स्पिनर आदिल रशीद ने 11 विकेट झटककर टीम को महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाई हैं।

पिच रिपोर्ट और आंकड़ों की कहानी
वानखेड़े स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और छोटी बाउंड्री बड़े स्कोर की संभावना बढ़ाती है। ओस की भूमिका अहम हो सकती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।

इस मैदान पर अब तक 16 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 8 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली और 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को जीत मिली है। 254 रन यहां का सर्वोच्च स्कोर है, जो इसी वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया। 32 पारियों में छह बार 200 से अधिक रन बन चुके हैं।

मौसम और रिजर्व डे का प्रावधान
मुंबई में मैच के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात में करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान है। फिर भी एहतियात के तौर पर आईसीसी ने एक रिजर्व डे रखा है। यदि 5 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो 6 मार्च को मुकाबला खेला जाएगा। नियमों के अनुसार यदि रिजर्व डे पर भी मैच संभव नहीं हुआ, तो सुपर-8 में शीर्ष स्थान पर रहने के कारण इंग्लैंड को फाइनल का टिकट मिल जाएगा।

संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक, सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।

वानखेड़े में आज क्रिकेट का महासंग्राम तय करेगा कि फाइनल में किसका सपना जिंदा रहेगा। मुकाबला रोमांच, रणनीति और दबाव की असली परीक्षा साबित होगा।

About The Author