सोनीपत: अंतरराज्यीय अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस समन्वय बैठक हुई
सोनीपत: पुलिस आयुक्त सीमावर्ती जिलों व राज्यों के पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए।
सोनीपत। एनसीआर एवं सीमावर्ती राज्यों और जिलों में अंतरराज्यीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त पुलिस कार्रवाई को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इंटर-स्टेट व इंटर-डिस्ट्रिक्ट क्राइम कोऑर्डिनेशन मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह ने की।
बैठक का आयोजन लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस, राई (राष्ट्रीय राजमार्ग-44), जिला सोनीपत में किया गया। इसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा के झज्जर, रोहतक, जींद, पानीपत सहित विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अपराध शाखा, खुफिया ब्यूरो और सीआईडी इकाइयों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में नशा तस्करी, अवैध हथियारों व प्रतिबंधित वस्तुओं की अंतरराज्यीय तस्करी पर गहन चर्चा की गई। संगठित अपराध नेटवर्क के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई, संवेदनशील मार्गों और सीमा बिंदुओं पर विशेष निगरानी तथा साझा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति बनी। मानव तस्करी, उद्घोषित अपराधियों, जमानत से फरार और वांछित अपराधियों की अद्यतन सूचियां साझा करने तथा संयुक्त छापेमारी पर जोर दिया गया।
अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए स्रोत स्तर पर खुफिया जानकारी मजबूत करने, सीमा क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए साइबर निगरानी, डिजिटल गतिविधि और वित्तीय लेनदेन पर नजर रखने पर सहमति बनी। ड्रोन व मानवरहित वाहनों के दुरुपयोग पर सतर्कता, संदिग्ध गतिविधियों की त्वरित सूचना साझेदारी तथा आतंकी गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई।
गणतंत्र दिवस-2026 को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई तथा सभी जिलों को उच्च सतर्कता में रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में संयुक्त अभियान, रियल-टाइम सूचना साझा करने, मासिक अपराध आंकड़े और त्रैमासिक विश्लेषण पर सहमति बनी।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि अंतरराज्यीय समन्वय और संयुक्त कार्रवाई से ही संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। बैठक में माटा रवि किरण, सुमित कुमार, विजय सिंह, राजीव रंजन, हरेश्वर स्वामी, प्रबीना पी, नरेन्द्र कादयान, कुशल पाल सिंह, अमित दहिया, सोनाक्षी, विजय और सुरेन्द्र सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
