वैभव सूर्यवंशी: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक उड़ान भरने का सपना पूरा, टीम इंडिया के साथ आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर रवाना
वैभव के लिए बीसीसीआई ने 3 नंबर जर्सी होटल भिजवाई।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सीनियर टीम इंडिया के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए मंगलवार को रवाना हो गए। महज 15 वर्ष की उम्र में भारतीय राष्ट्रीय टीम में चयनित होने वाले सूर्यवंशी ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना हर युवा क्रिकेटर देखता है।
रवाना होने से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से उन्हें टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी सौंपी गई। यह खास पल भावुक कर देने वाला था। भारतीय टीम के थ्रो-डाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें जर्सी भेंट की। जर्सी प्राप्त करने से पहले सूर्यवंशी ने विनम्रता और संस्कार का परिचय देते हुए रघु के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने जर्सी को लंबे समय तक निहारते हुए अपने सपनों को साकार होता महसूस किया। इस भावुक क्षण को कैमरे में भी रिकॉर्ड किया गया।
जर्सी मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “इस एहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जिस दिन पहली बार बल्ला हाथ में लेकर मैदान पर उतरा था, उसी दिन से टीम इंडिया की जर्सी पहनने का सपना देखा था। आज वह सपना सच हो गया है। यह मेरे क्रिकेट करियर का सबसे बड़ा और यादगार क्षण है।”
वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है। वे भारत की राष्ट्रीय टीम में चयनित होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड दौरे की शुरुआत करेगी, जबकि 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला खेलेगी।
क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब आयरलैंड के बेलफास्ट में होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं। यदि सूर्यवंशी 26 या 28 जून को होने वाले मैच में डेब्यू करते हैं, तो वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इसके साथ ही वे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में डेब्यू करने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी का चयन उनके शानदार आईपीएल 2026 प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने पूरे सीजन में 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उनके बल्ले से एक शानदार शतक और पांच अर्धशतक निकले। इसी के साथ वे आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए।
अब पूरा देश इस युवा बल्लेबाज से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उसी धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है, जिसने आईपीएल में उन्हें नई पहचान दिलाई। करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक डेब्यू पर टिकी हुई हैं।
