सोनीपत: स्वच्छता प्रतियोगिता में अव्वल वार्ड को 50 लाख की विकास राशि
सोनीपत: मेयर राजीव जैन अधिकारियों को संबोधित करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम सोनीपत की ओर से सभी वार्डों के बीच स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये, दूसरे स्थान वाले वार्ड को 25 लाख और तीसरे स्थान वाले वार्ड को 15 लाख रुपये की विकास राशि दी जाएगी। मेयर राजीव जैन ने गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पार्षदों और निगम अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम अधिकारियों की नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने पार्षदों से वार्ड समितियों के सदस्यों, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों और आम नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में पार्षद और आमजन मिलकर सफाई के लिए काम करेंगे, वहां बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी वार्डों की स्वच्छता व्यवस्था का आकलन करने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई जाएगी। समिति वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का मूल्यांकन करेगी। इसी मूल्यांकन के आधार पर प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाएंगे। बैठक में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शहर में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। मेयर ने अधिकारियों को वार्डवार सफाई का प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान को प्रभावी तरीके से चलाया जा सके।
मेयर ने आगामी महीनों में वायु गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया। उन्होंने खुले में कूड़ा, पत्तियां और अन्य जलने वाली सामग्री नहीं जलाने की अपील की। साथ ही सड़कों के किनारे जमा मिट्टी हटाने का काम भी शुरू करने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर सोनीपत का लक्ष्य जनभागीदारी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने पार्षदों और शहरवासियों से सहयोग की अपील की। साथ ही अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में सह आयुक्त नीतू धनखड़, मुख्य अभियंता राहुल पूनिया सहित पार्षद मुकेश बामनिया, सुरेंद्र मदान, त्रिभुवन कौशिक, मुकेश सैनी, मुनीराम ठोलेदार, संजय ठेकेदार, महेश लूथरा, लक्ष्मी नारायण तनेजा, संजीव वलेचा, अनुराग जैन, सुनीता भोला, सुनीता राठी, राजेश मलिक तथा पार्षद प्रतिनिधि रामनिवास और संजय बड़वासनी मौजूद रहे।
