सोनीपत: बजाना खुर्द में 7.18 करोड़ से बने जलघर का उद्घाटन, तीन गांवों को मिलेगा स्वच्छ पानी
सोनीपत: बजाना खुर्द में जलघर के उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों के साथ विधायक देवेंद्र कादियान।
सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर के गांव बजाना खुर्द में लगभग सात करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से तैयार जलघर का बुधवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने उद्घाटन किया। इस जलघर से बजाना कलां, बजाना खुर्द और पुगथला गांव में प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर शोधित किए गए स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी।
नहर से आने वाले पानी को पहले स्टाक टैंक में संग्रहित कर शुद्ध किया जाएगा, जिसके बाद तीनों गांवों में सप्लाई दी जाएगी। करीब तीन एकड़ में बने इस जलघर में पानी के भंडारण, ट्रीटमेंट और स्वच्छ जल के भंडारण की व्यवस्था की गई है। विधायक कादियान ने कहा कि क्षेत्र में भूजल खारा होने और जलस्तर गिरने के कारण लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या थी, जिससे अब राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि गन्नौर क्षेत्र के करीब 24 गांवों में यमुना का स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगभग 78 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द कार्य शुरू होगा। उद्घाटन के बाद विधायक ने जलघर परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
