April 22, 2026

सोनीपत: राई औद्योगिक क्षेत्र कूलर फैक्ट्री में भीषण आग

Sonipat Massive fire breaks out at cooler factory in Rai Industrial Area

सोनीपत: झुंडपुर के पास शीतल एयर कूलर फैक्ट्री में लगी आग।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के राई औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह कूलर बनाने वाली एक फैक्ट्री में बुधवार को भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। जांच में सामने आया कि गांव झुंडपुर के पास स्थित शीतल एयर कूलर फैक्ट्री नंबर 999 में आग लगी थी। मौके पर पहुंचते ही दमकल कर्मियों ने देखा कि आग फैक्ट्री के अंदर तेजी से फैल चुकी थी। फैक्ट्री में कूलर बनाने में उपयोग होने वाली प्लास्टिक, तार और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने कुछ ही समय में भयावह रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना ज्यादा था कि आसपास के उद्योग और रिहायशी इलाके भी प्रभावित हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुंडली, राई, गन्नौर, गोहाना और सोनीपत के विभिन्न अग्निशमन केन्द्रों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं।

भीषण आग के कारण आसपास के उद्योगों में दहशत फैल गई। कई प्रतिष्ठान एहतियात के तौर पर बंद कर दिए गए और लोगों ने सुरक्षित दूरी बना ली। किसी अनहोनी से बचाव के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा कार्रवाई जारी रही।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कई घंटों से लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे। अधिकारियों का कहना है कि पूरी मुस्तैदी के साथ प्रयास किए गए और स्थिति को नियंत्रण में लाने के बाद ही नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

About The Author