May 27, 2026

सोनीपत: डीक्रस्ट में मेयर-पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में आएंगे मंख्यमंत्री

Sonipat Chief Minister to attend oath taking ceremony of Mayor-Councilors in Decrust

सोनीपत: कार्यक्रम स्थाल पर निरीक्षण करने पहुंचे अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा व मेयर राजीव जैन।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 मई को दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित होगा। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह अलर्ट हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा और मेयर राजीव जैन ने समारोह स्थल का बुधवार को निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक, बैठने, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वीआईपी और आम लोगों की पार्किंग, टैंट, एयर कंडीशनिंग, माइक, साउंड सिस्टम, लिफ्ट सुविधा और दिशा-सूचक बोर्डों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को कहा गया कि समारोह स्थल तक आने वाले सभी रास्तों पर पर्याप्त संकेतक लगाए जाएं, ताकि लोगों को परेशानी न हो। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएगी। बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मेयर राजीव जैन ने कहा कि यह समारोह नगर निगम के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। नई टीम शहर में विकास कार्य, स्वच्छता, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और जनसेवा को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद मिलकर शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

नगर निगम चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने जीत दर्ज की थी। वहीं 22 वार्डों में भाजपा के 17 और कांग्रेस के 5 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। निरीक्षण के दौरान डीसीपी कुशल पाल, एसडीएम सुभाष चंद्र, संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, तहसीलदार कीर्ति समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author