May 27, 2026

सोनीपत क्राइम: विज्ञापन लिंक भेजकर साढ़े चार लाख ठगने वाले तीन गिरफ्तार

Sonepat: Three arrested for duping people of Rs 4.5 lakh by sending advertisement links

सोनीपत: राजस्थान से गिरफ्तार साइबर ठग।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने विज्ञापन लिंक भेजकर 4.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना साइबर पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान में जिला डूंगरपुर के गांव गामडी देवकी निवासी देवशंकर, प्रकाश और ईश्वर रूप में हुई है। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त पश्चिम एवं साइबर कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में थाना साइबर की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल 2026 को सोनीपत निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 28 मार्च को उसके मोबाइल पर गूगल क्रोम पर एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कॉल गर्ल उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसका संपर्क व्हाट्सऐप नंबर से हुआ। आरोपियों ने अलग-अलग सर्विस बताकर पहले एक हजार रुपये एडवांस जमा करवाए और बाद में वेरिफिकेशन, टैक्स, सिटी चार्ज समेत कई बहानों से लगातार पैसे मंगवाते रहे।

पीड़ित से यूपीआई और स्कैनर के जरिए करीब चार लाख 50 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने पैसे वापस करने का झांसा भी दिया। शिकायत मिलने के बाद थाना साइबर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना साइबर के प्रबंधक निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दें।

About The Author