April 22, 2026

सोनीपत मेयर चुनाव: विकासशील सोच वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है: राव नरेंद्र सिंह

Sonipat Candidates with development mindset have been fielded Rao Narendra Singh Gjd News (2)

सोनीपत: हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जन सभा में बोलते हुए

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मेयर प्रत्याशी कमल दीवान के नामांकन के अवसर पर बुधवार को कार्यकर्ताओं की सभा में कहा कि विकासशील सोच वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश दिखाई दिया। राव नरेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव पूरी मजबूती और जनसमर्थन के साथ लड़ रही है। पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतार रही है जिनकी छवि साफ है, जो जनसेवा के प्रति समर्पित हैं और विकास की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की नीतियां शहर के विकास और जनहित को नई दिशा देंगी।

उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को लेकर कहा कि इस बार निकाय चुनावों में महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से प्रशासन अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है। उनका कहना था कि सुनियोजित साजिश के तहत महिला आरक्षण विधेयक को लागू नहीं होने दिया गया और इसका दोष कांग्रेस पर डालने की कोशिश की गई।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग दोहराई और कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिलना चाहिए।

सभा में सासंद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सासंद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक इंदु राज नरवाल, संजीव दहिया, जयवीर सिंह वाल्मीकि, जगबीर सिंह मलिक, सुरेंद्र पवार, पदम सिंह दहिया, सुखबीर फरमाना और जय भगवान आंतिल सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राव नरेंद्र सिंह ने भरोसा जताया कि निकाय चुनावों में कांग्रेस को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।

About The Author