August 26, 2026

विधायक देवेंद्र कादियान: बली कुतुबपुर-चमराड़ा सड़क 18 फीट चौड़ी होगी, 126 लाख खर्च

Sonipat: Bali Kutubpur-Chamrada road to be widened to 18 feet; ₹126 lakh to be spent: MLA

सोनीपत: विधायक देवेंद्र कादियान नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर के बली कुतुबपुर से चमराड़ा गांव को जोड़ने वाली सड़क अब 12 की बजाय 18 फीट चौड़ी की जाएगी। सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण पर 126.28 लाख रुपये खर्च होंगे। क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सड़क चौड़ी होने से दोनों गांवों के ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा यातायात सुगम होगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधायक देवेंद्र कादियान का फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याएं भी विधायक के सामने रखीं। विधायक ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और आवागमन की सुविधा मजबूत करना विकास की प्राथमिकता है। बली कुतुबपुर-चमराड़ा सड़क की चौड़ाई बढ़ने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। क्षेत्र के गांवों में जरूरत के अनुसार सड़क, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं होने दिया जाएगा और काम तय मानकों के अनुसार कराया जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा रहा है। ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने रखें, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका नियमानुसार समाधान कराया जा सके। कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अनिल चहल, सरपंच देवेंद्र सरोहा सहित रणबीर, धर्मबीर, दीपक, काला, बिल्लू, नन्हा, कर्मबीर, संजीत, पालेराम, अनिल, रोहताश पंच, राजेंद्र नंबरदार, कुलदीप पंच, ऋषि, मंजीत सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author