September 29, 2026

सोनीपत: सेवा सेतु कैंप में 20 विभागों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया

Sonipat: 20 departments facilitated access to scheme benefits for eligible individuals at the Seva Setu camp.

सोनीपत: सेवा सेतु कैंप में अपने स्वास्थ्य की जांच भी करवाते हुए मोहन लाल बडौली।

सोनीपत, अजीत कुमार। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु के विशेष कैंप का आयोजन बीडीपीओ कार्यालय मुरथल में किया गया। हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बडोली ने मुख्य अतिथि के रूप में कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर अधिकारियों से योजनाओं और नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर अपने स्वास्थ्य की जांच भी करवाई।

कैंप में करीब 20 विभागों ने स्टॉल लगाए। इनमें आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। पात्र लोगों का मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कैंप में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनकी जरूरत के अनुसार संबंधित विभाग की योजना की जानकारी दी गई। आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में भी अधिकारियों ने सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।

मोहनलाल बडोली ने कहा कि सेवा सेतु कैंपों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। ऐसे कैंपों के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को उसकी पात्रता के अनुसार सही जानकारी दी जाए और आवेदन व पंजीकरण में पूरा सहयोग किया जाए।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से कैंपों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता पूरी होने पर मौके पर ही पंजीकरण करवाने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता आजाद सिंह सिंह नेहरा, बीडीपीओ राजेश तिवाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

About The Author