सोनीपत: खेल विश्वविद्यालय में छात्र की मृत्यु की निष्पक्ष जांच होगी: खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम
सोनीपत: खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में छात्र निशांत गौतम की मौत के मामले में जानकारी लेते हुए।
- खेल विश्वविद्यालय छात्र मौत मामले में तीस दिन में दें रिपोर्ट
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में छात्र निशांत गौतम की मौत के मामले में शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्विमिंग पूल परिसर का दौरा कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस आयुक्त को विशेष टीम बनाने के निर्देश दिए। टीम 30 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
कुछ दिन पहले विश्वविद्यालय के स्विमिंग पूल में डूबने से छात्र निशांत गौतम की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और अन्य लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। इसी के चलते खेल राज्य मंत्री विश्वविद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना के समय मौजूद सुरक्षा इंतजामों की रिपोर्ट मांगी। साथ ही परिजनों, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने छात्रों, कोच, स्टाफ और विश्वविद्यालय की जांच टीम से भी बातचीत की।

राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि किसी छात्र की असमय मौत बेहद दुखद है और सरकार मामले को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के लिए बनाई गई विशेष टीम सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर काम करेगी। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से करवाई जाएगी।
खेल राज्य मंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्विमिंग पूल सहित सभी खेल सुविधाओं पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए। विद्यार्थियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को परिसर की खेल सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट कर जरूरी सुधार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कुलपति अशोक कुमार, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी ऋषिकांत, सीएमओ डॉ. अनुराधा शाह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
