May 27, 2026

सतकुम्भा धाम: 31 मई सतकुम्भा धाम में लगेगा विशाल छमाही मेला

A huge half-yearly fair will be held at Satkumbha Dham on May 31.

सोनीपत: सतकुम्भा धाम।

सोनीपत, अजीत कुमार। ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा के पावन अवसर पर 31 मई को सतकुम्भा धाम में बाबा सीताराम जी महाराज का भव्य छमाही मेला एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर सतकुम्भा परिवार और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से धाम पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी एवं पितरों की पूजा-अर्चना करने से सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है। सतकुम्भा धाम में श्रद्धालु पवित्र तीर्थ स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे तथा अपने पूर्वजों की स्मृति में जल अर्पित करेंगे।

पीठाधीश्वर श्री महंत राजेश स्वरूप जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि सभी भक्त 31 मई को सतकुम्भा धाम पहुंचकर तीर्थ स्नान करें, पूजा-अर्चना करें और भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की परंपराओं को जीवित रखने के लिए ऐसे धार्मिक आयोजनों में सहभागिता जरूरी है।

सतकुम्भा धाम के प्रबंधक सूरज शास्त्री ने बताया कि बाबा सीताराम जी महाराज श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास के प्रमुख केंद्र हैं। उनके आशीर्वाद से क्षेत्र में सुख, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर छह माह में विशाल मेले और भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

मेले के दौरान भंडारा, प्रसाद वितरण और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सतकुम्भा धाम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा, जहां श्रद्धालु बाबा सीताराम जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

About The Author