July 23, 2026

सोनीपत: गहरे गड्ढे में गिरने से युवक की मौत के बाद निर्माण कंपनी और पीडब्ल्यूडी पर केस

Sonepat: Case filed against construction company and PWD after youth dies after falling into a deep pit

सोनीपत: हादसा स्थल पर मृतक के परिजन इनसेट में मृतक मोहित का फाइल फाेटो

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के राठधाना रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सहित गिरने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने रेलवे निर्माण कंपनी और संबंधित लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में अधिकारियों का पक्ष लेते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

गांव खेड़ी मनाजात निवासी आकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई, 27 वर्षीय मोहित, गांव स्थित केडीएल कंपनी में काम करता था। 21 जुलाई की रात वह यह कहकर घर से निकला था कि उसका मोबाइल कंपनी में रह गया है और उसे लेने जा रहा है। वह बाइक पर कंपनी के लिए रवाना हुआ था।

शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि राठधाना रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में मोहित बाइक सहित गिर गया है। परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल, सोनीपत लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर गहरे गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेड लगाए गए थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। गड्ढे में लोहे के सरिए भी खुले पड़े थे। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर बारोटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अगले दिन एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के भाई का बयान दर्ज किया।

थाना कुंडली में मृतक के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 106 के तहत मुकदमा संख्या 426 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े सभी जिम्मेदार पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About The Author