जींद से पीएम मोदी का बड़ा संदेश: हाइड्रोजन ट्रेन से हरित भारत की नई शुरुआत, हरियाणा को 14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी।
- जींद से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं, संगठन के दिनों को किया याद
जींद, अजीत कुमार। जींद में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संगठनात्मक जीवन की पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ माता जयंती का आशीर्वाद हमेशा इस भूमि पर बना रहता है और जींद आना उनके लिए हमेशा भावनात्मक अनुभव रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कई दशक पहले वह संगठन के कार्य से पहली बार जींद आए थे और यहां के लोगों का अपनापन, स्नेह और प्रेम आज भी उन्हें याद है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जींद का मुर्रा भैंस का दूध, दही, घी, देसी बूरा और प्रसिद्ध घेवर आज भी उनकी यादों का हिस्सा हैं।
14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं हरियाणा को समर्पित
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। इनमें रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, विरासत संरक्षण और स्वास्थ्य क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भिवानी और नारनौल में दो नए राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू होने से प्रदेश के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
स्वच्छता अभियान की जमकर सराहना
प्रधानमंत्री ने जींद और हरियाणा के लोगों की स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से वह सोशल मीडिया पर सफाई अभियान की तस्वीरें और वीडियो देख रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि “मोदी जी बार-बार जींद आते रहें ताकि सफाई अभियान चलता रहे।” इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता किसी व्यक्ति के आने पर नहीं, बल्कि नागरिकों के संकल्प से स्थायी बनती है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
हाइड्रोजन ट्रेन भारत की तकनीकी ताकत का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच शुरू हुई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन भारत की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है, जिसकी क्षमता 3200 हॉर्सपावर है। इस ट्रेन का डिजाइन भारतीय इंजीनियरों ने तैयार किया है और इसका निर्माण भी देश में ही हुआ है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तकनीक को और विकसित किया जाएगा तथा इसकी लागत कम करने और दक्षता बढ़ाने पर लगातार शोध होगा। साथ ही जींद में आधुनिक आधारभूत ढांचे का विस्तार होगा और नए उद्योगों के आने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
आज भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिलने का सपना साकार होने जा रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा दिन है। मैं इससे जुड़े सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं।
प्रभूतं कार्यमल्पं वा यन्नरः कर्तुमिच्छति।
सर्वारम्भेण तत् कार्यं सिंहादेकं प्रचक्षते।। pic.twitter.com/aAbVNt9GCb
— Narendra Modi (@narendramodi) July 17, 2026
ऊर्जा सुरक्षा पर भी दिया बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव जैसी परिस्थितियों का असर भारत पर भी पड़ता है, क्योंकि पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से आता है। उन्होंने कहा कि पहले भारतीय रेलवे डीजल इंजनों पर अधिक निर्भर थी, लेकिन अब रेलवे का व्यापक विद्युतीकरण होने से देश ऐसी चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि नया भारत भविष्य की चुनौतियों को पहले से पहचानकर समाधान तैयार करता है।
खेलों में भी हरियाणा को मिलेगा बड़ा लाभ
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के दौरान खेल उद्योग, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहयोग पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ हरियाणा के खिलाड़ियों और युवाओं को मिलेगा। केंद्र सरकार की नई राष्ट्रीय खेल नीति और “खेलो इंडिया” अभियान के साथ प्रदेश में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, भिवानी और नारनौल के नए राजकीय मेडिकल कॉलेज, दिल्ली-अमृतसर-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग का हरियाणा खंड, अंबाला-काला अंब राष्ट्रीय राजमार्ग, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग, हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन तथा कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास शामिल है।
