सोनीपत: 11.60 करोड़ की लागत से बना 33 केवी सब स्टेशन विधायक देवेंद्र कादियान ने किया लोकार्पण
गन्नौर: 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन करते विधायक देवेंद्र कादियान।
गन्नौर, अजीत कुमार। गन्नौर विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बजाना कलां-दुभेटा रोड पर करीब ढाई एकड़ भूमि में 11.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का गुरुवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने लोकार्पण किया। इस नए उपकेंद्र के शुरू होने से बजाना कलां, बजाना खुर्द, तेवड़ी और पुगथला सहित आसपास के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। साथ ही सरढाना और मोई विद्युत उपकेंद्रों पर लंबे समय से बना अतिरिक्त भार भी काफी हद तक कम होगा।
लोकार्पण समारोह में ग्रामीणों ने विधायक देवेंद्र कादियान का फूल-मालाओं से स्वागत किया। विधायक ने कहा कि गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने से ओवरलोडिंग, लाइन फॉल्ट, केबल जलने और अघोषित कटौती जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रदेश सरकार लगातार बिजली ढांचे का विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले खादर क्षेत्र के घसौली में नया पावर हाउस शुरू किया गया था और अब बजाना कलां का यह 33 केवी उपकेंद्र भी जनता को समर्पित कर दिया गया है।
विधायक ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में दो और नए पावर हाउस शुरू किए जाएंगे, जिससे पूरे गन्नौर विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान बिजली निगम की ओर से विशेष समाधान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बिजली बिल, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर, लाइन फॉल्ट और अन्य तकनीकी समस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता मनिंदर कादियान, कार्यकारी अभियंता प्रवीण गर्ग, उपमंडल अधिकारी अमित डागर, उपमंडल अधिकारी अभिषेक कौशिक, सरपंच मेहर सिंह, पूर्व सरपंच राम सिंह सहित बिजली निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
