हिसार सांसद जयप्रकाश की कार दुर्घटनाग्रस्त: हाईवे पर अचानक बैल आने से हुआ हादसा, बाल-बाल बचे
उचाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सासंद का हालचाल जाना।
जींद/हिसार। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश (जेपी) शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर उचाना के निकट उनकी फॉर्च्यूनर कार के सामने अचानक एक बैल आ जाने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के सभी सुरक्षा एयरबैग खुल गए और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में सांसद के साथ उनके चालक सोनू को भी चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश नारनौंद से नरवाना में आयोजित एक शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। उचाना के बड़ौदा गांव के पास अचानक एक बेसहारा बैल सड़क पर आ गया। चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण टक्कर टालना संभव नहीं हो सका। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उचाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दुर्घटना के झटके से सांसद सदमे में थे तथा उन्हें चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई। जांच में उनकी उंगली और पैर में मामूली चोट पाई गई। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार उनका रक्तचाप भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया था।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन कर सांसद का हालचाल जाना। इस दौरान जयप्रकाश ने कहा कि वे बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। उचाना थाना पुलिस ने भी मौके और अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी जुटाई।
दुर्घटना के बाद जयप्रकाश ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह पहले भी विभिन्न बैठकों में उठा चुके हैं और अब संबंधित अधिकारियों से दोबारा चर्चा करेंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों ने भी हाईवे पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को लगातार हादसों का प्रमुख कारण बताया।
