October 14, 2026

शॉर्ट सर्किट से परचून दुकान में आग, लाखों नुकसान

Fire in grocery shop due to short circuit, loss of lakhs

सोनीपत: गांव गढी हकीकत निवासी देवी सिंह की परचून की दुकान में आगजनी।

सोनीपत। गांव गढी हकीकत निवासी देवी सिंह की परचून की दुकान में रविवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हादसे में फ्रिज, कोल्ड ड्रिंक, राशन सहित अन्य सामग्री नष्ट हो गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

बताया गया है कि देवी सिंह दिव्यांग हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत तथा मजदूरी के सहारे यह दुकान शुरू की थी। आग लगने की सूचना मिलते ही सोमवार को जिला पार्षद संजय बड़वासनिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित से बातचीत कर ढांढस बंधाया।

जिला पार्षद ने प्रशासन से मांग की कि देवी सिंह की आर्थिक सहायता की जाए, ताकि उनका रोजगार दोबारा शुरू हो सके। उन्होंने स्वयं भी आर्थिक मदद करने का आश्वासन दिया और कहा कि पीड़ित का काम फिर से खड़ा किया जाएगा। इस तरह की आपदाओं के लिए जिला स्तर पर अलग सहायता बजट होना चाहिए, ताकि गरीब परिवारों को तुरंत राहत मिल सके। मौके पर आजाद, प्रदीप, संदीप, कुलदीप, राजवीर और राजू मौजूद रहे।

About The Author