सोनीपत निकाय चुनाव: भाजपा राज में निगमों में भ्रष्टाचार बढ़ा: संसाद दीपेन्द्र हुड्डा
भाजपा राज में निगमों में भ्रष्टाचार बढ़ा: संसाद दीपेन्द्र हुड्डा
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने सोनीपत में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कमल दीवान तथा वार्ड 1 से जय कुँवर खत्री और वार्ड 11 से कविता सैनी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को अधिकाधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा का अहंकार सातवें आसमान पर है और इसी कारण नगर निगमों में भ्रष्टाचार खुलकर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कई नगर निगमों में बड़े घोटाले सामने आए, लेकिन किसी मामले में निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई। उनका कहना था कि रोहतक, फरीदाबाद और पंचकूला समेत कई शहरों में करोड़ों रुपये के घोटालों के बावजूद सरकार ने कार्रवाई करने के बजाय संरक्षण देने का काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में शहरों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सड़कों की हालत खराब है, सीवरेज व्यवस्था जाम है और सफाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगमों में बिना भ्रष्टाचार के कोई काम संभव नहीं रह गया है।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान किए गए कई वादे पूरे नहीं किए। महिलाओं को आर्थिक सहायता, बुजुर्गों की पेंशन, किसानों के लिए समर्थन मूल्य और जरूरतमंद परिवारों को प्लॉट देने जैसे वादे अधूरे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है, महंगाई बढ़ी है और गैस सिलेंडर के दाम आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी, ताकि जनता का पैसा जनता के काम आ सके। जनसभा में कांग्रेस के कई विधायक, पूर्व विधायक और स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
