May 7, 2026

सुमन सैनी: भाजपा ने महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी

BJP gives priority to women's safety, education, health and self-reliance Suman Saini

सोनीपत: मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी का कार्यक्रम में स्वागत करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के मुरथल रोड स्थित जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में आयोजित महिला सम्मेलन में हरियाणा सरकार की महिलाओं से जुड़ी जनहितकारी नीतियों को प्रमुखता से रखा गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने गुरुवार को पहुंचकर महिला मतदाताओं और पार्टी के उम्मीदवारों में नया उत्साह भरा। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर महिलाओं में उत्साह है। भाजपा सरकार की योजनाओं महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी है।

कार्यक्रम में मेयर उम्मीदवार राजीव जैन, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, राई की विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत के विधायक निखिल मदान की धर्मपत्नी निकिता मदान, कार्यक्रम संयोजक मोनिका दहिया, सह संयोजक रीना शर्मा और निताशा सिहाग सहित कई महिला कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने चुनावी माहौल को और सक्रिय बना दिया।

सम्मेलन में सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, बेटियों की शिक्षा के लिए प्रोत्साहन और महिलाओं को रोजगार के अवसर देने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इससे महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

सुमन सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अपील की कि महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर विकास को आगे बढ़ाने में योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य हर महिला को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। उपस्थित महिलाओं में खासा जोश देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नगर निगम चुनाव में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया और महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया।

About The Author