August 29, 2026

सोनीपत: कांग्रेस घड़ों में बंटी हुई है जनता से कोई सराेकार नहीं: डॉ. अरविंद शर्मा

Sonipat: Congress is divided into factions and has no concern for the public: Dr. Arvind Sharma

सोनीपत: गोहाना कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनते हुए मंत्री डा. अरविंद शर्मा।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंच है। विपक्ष को सदन में जनता से जुड़े मुद्दे उठाने चाहिए, लेकिन कांग्रेस नेता विधानसभा में अपनी बात रखने के बजाय बाहर प्रदर्शन और बयानबाजी कर रहे हैं। विधानसभा के बाहर कांग्रेस नेताओं ने जो किया, उसे पूरे देश ने देखा है। हकीकत तो यह है कि कांग्रेस घड़ों में बंटी हुई है जनता कोई सरोकार नहीं है।

डॉ. शर्मा शनिवार को सोनीपत रोड स्थित अपने कार्यालय में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल विरोध करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज विधानसभा में उठाना भी है। सरकार विपक्ष को सदन में अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा का अवसर देती रही है। इसके बावजूद विपक्षी नेता सदन में चर्चा करने के बजाय बाहर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए उसके नेता सुर्खियों में बने रहने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता जानती है कि कांग्रेस कई धड़ों में बंटी हुई है और उसके नेता आपसी खींचतान में उलझे हैं। जनता अब केवल बयानबाजी से प्रभावित नहीं होगी, बल्कि विकास कार्यों और सरकार की नीतियों को देख रही है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

पंजाब के राजनीतिक हालात पर उन्होंने कहा कि वहां की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार से दुखी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। जनता विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के पक्ष में है।

About The Author