सोनीपत में लगातार दूसरे दिन बारिश: कई जगह जलभराव
सोनीपत: बरसात के पानी जलभराव में परेशान नागरिक।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे से रुक-रुककर बारिश होती रही। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से पहले से जलभराव की समस्या झेल रहे इलाकों में हालात और बिगड़ गए। कई सड़कों और गलियों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा खराब रही। सांदल खुर्द गांव में बारिश का पानी करीब डेढ़ फुट तक जमा हो गया। गलियों और रास्तों में पानी भरने के कारण ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ा। सुबह कामकाज और जरूरी कार्यों के लिए घरों से निकले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी पूरी तरह नहीं निकल पाया था। मंगलवार सुबह दोबारा बारिश होने से जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। सोनीपत शहर के कई हिस्सों में भी सड़कों और गलियों में पानी जमा रहा। कुछ जगह वाहन चालकों को पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा, जबकि कई वाहन पानी के बीच से निकलते नजर आए।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, 24 अगस्त को जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश की मात्रा में अंतर रहा। सोनीपत में 36 एमएम, खरखौदा में दो एमएम और राई क्षेत्र में सबसे ज्यादा 65 एमएम बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की व्यवस्था प्रभावित हुई। ग्रामीणों और शहरवासियों को जलभराव से आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ी। संबंधित विभागों की ओर से पानी निकासी की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
