सोनीपत क्राइम: सबौली में स्कूल से लापता दसवीं के छात्र की संदिग्ध मौत
सोनीपत: मृतक छात्र विशाल का फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के सबौली स्थित सरकारी स्कूल से 18 अगस्त को लापता हुए दसवीं कक्षा के छात्र विशाल की 22 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित व्यायामशाला में झूले से फंदे पर लटका मिला। परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस स्कूल में हुए विवाद से लेकर छात्र के लापता होने और शव मिलने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. तेजवीर खोखर के अनुसार, 18 अगस्त को दोपहर के भोजन के समय एक छात्र ने कक्षा अध्यापिका रेनु से कॉपी गायब होने की शिकायत की थी। छात्र ने विशाल और उसके एक सहपाठी पर कॉपी लेने का आरोप लगाया। कॉपी विशाल के बैग से मिलने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि विशाल और उसके साथ मौजूद छात्र ने शिकायत करने वाले छात्र की गर्दन पकड़ ली। इसके बाद अध्यापिका ने दोनों छात्रों को दो-दो थप्पड़ मारे और परिजन को बुलाकर लाने के लिए स्कूल से भेज दिया। इसके बाद विशाल घर नहीं पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, स्कूल से निकलने के बाद विशाल घर जाने के बजाय अकबरपुर बारोटा की तरफ गया। सबौली गांव के बाहर लगे सीसीटीवी में भी वह इसी दिशा में जाता दिखाई दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इसके बाद वह चार दिनों तक कहां रहा और किन लोगों के संपर्क में था।
परिजन के अनुसार, विशाल स्कूल की वर्दी पहनकर घर से निकला था, जबकि शव मिलने के समय उसने पेंट की जगह लोअर पहना हुआ था। उसके पैरों में जूते थे, लेकिन जूतों के फीते नहीं थे। परिजन का कहना है कि जिस झूले पर शव मिला, वहां उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
परिजन ने 20 अगस्त को कुंडली थाने में विशाल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 22 अगस्त को उसका शव मिला। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने कक्षा अध्यापिका और कई सहपाठियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। सहपाठी अपने परिजन के साथ पहुंचे। पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया। जानकारी के अनुसार, गुमशुदगी दर्ज होने के बाद अध्यापिका चार दिन की छुट्टी पर चली गई थीं। सोमवार को उनकी छुट्टी खत्म हुई। पुलिस जरूरत के अनुसार उनसे दोबारा पूछताछ कर सकती है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि विशाल और उसके एक सहपाठी पर कक्षा में कॉपी चोरी का आरोप लगा था। दोनों को परिजन को बुलाकर लाने के लिए कहा गया था। इसके बाद विशाल स्कूल से लापता हो गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्कूल के घटनाक्रम, सहपाठियों और अध्यापिका से मिली जानकारी तथा शव मिलने की परिस्थितियों को जोड़कर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 18 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद विशाल चार दिनों तक कहां रहा और उसके साथ क्या हुआ।
