सोनीपत: केएमपी पर खड़े कैंटर से टकराया दूसरा कैंटर, चालक की मौत
सोनीपत:घटना स्थल पर क्षतिग्रस्त वाहन बराबर में मृतक हाफिज खान का फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव के पास सड़क पर बिना संकेतक और सूचना पट्ट के खड़े कैंटर से पीछे से आ रहा दूसरा कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक हाफिज खान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एम्बुलेंस की मदद से खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर गढ़ी, नरेला दिल्ली निवासी सूरज ने खरखौदा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गवारू खुर्द निवासी 33 वर्षीय हाफिज खान उसके कैंटर पर चालक के रूप में काम करता था। कैंटर डीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में चलता था। हाफिज खान कैंटर लेकर बहरोड़, राजस्थान से नरेला दिल्ली की ओर जा रहा था। जब वह गोपालपुर गांव के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंचा तो सड़क पर एक कैंटर खड़ा था। आरोप है कि कैंटर चालक ने सड़क पर वाहन खड़ा करते समय न तो कोई संकेतक चलाया और न ही कोई सूचना पट्ट लगाया।
टक्कर के बाद हाफिज खान को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस से उसे खरखौदा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सूरज भी अस्पताल पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को गोपालपुर के पास दो वाहनों के टकराने की सूचना मिली थी। उपनिरीक्षक अशोक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया गया। बाद में अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने शव की पहचान हाफिज खान के रूप में की। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस संबंधित वाहन चालक की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
