सोनीपत विधायक निखिल मदान: सड़क, सीवरेज, बिजली समस्याओं का स्थाई समाधान हो
सोनीपत: लघु सचिवालय में विधायक निखिल मदान और उपायुक्त नेहा सिंह समीक्षा बैठक करते हुए
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, सीवरेज, जलभराव, अवैध अतिक्रमण और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा के लिए लघु सचिवालय में विधायक निखिल मदान और उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय से तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बिजली विभाग, एचएसवीपी, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शहर में नए ट्रांसफार्मर लगाने और 33 केवी सब-स्टेशन के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। ओल्ड तहसील, सेक्टर-8 और सेक्टर-12 में भूमि संबंधी मामलों पर जिला राजस्व अधिकारी और एचएसवीपी के अधिकारियों को जल्द प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई करने को कहा गया।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग को मामा-भांजा रोड, आईटीआई रोड, मुरथल रोड, कामी रोड सहित प्रमुख सड़कों के गड्ढे भरने और मरम्मत कराने के निर्देश दिए। दिल्ली रोड स्थित सीएनजी पंप से जुड़े मार्गों की स्थिति सुधारने तथा जरूरत वाले स्थानों पर सीसी सड़क बनाने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों पर संबंधित विभाग का नाम अंकित करने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल रखने पर जोर दिया गया। अन्य विभागों के विकास कार्यों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव रोकने के लिए नगर निगम को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, फील्ड कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और बरसाती नालों व शहर के ड्रेनों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वार्ड नंबर 10 में सीवरेज समस्या के समाधान के लिए अतिरिक्त मशीनें लगाने को कहा गया। विधायक ने कहा कि वह स्वयं कार्यों का निरीक्षण करेंगे और कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बहालगढ़ रोड, दहिया कॉलोनी, आईटीआई चौक, दिल्ली रोड, मुरथल रोड तथा सेक्टर 14 और 15 सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम, एचएसवीपी और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि सड़क पर अवैध कब्जों और अनियोजित रेहड़ियों से यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने 10 दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक कर प्रगति रिपोर्ट लेने की बात कही।
उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग जवाबदेही के साथ काम करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समन्वय की कमी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, सीटीएम सिमरन, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, ईओ सिद्धार्थ कुमार, कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
