July 23, 2026

सोनीपत मेयर राजीव जैन: शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के आदर्शों पर चलें युवा

Youth should follow the ideals of martyr Chandrashekhar Azad: Mayor Rajiv Jain

सोनीपत: शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की मूर्ति का अनावरण करते मेयर राजीव जैन।

सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान की अमिट मिसाल है। उनका बलिदान देशवासियों को सदैव राष्ट्रसेवा और देशप्रेम की प्रेरणा देता रहेगा।

शहीद चंद्रशेखर आज़ाद चौक पर स्प्रिंग एरा स्कूल द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर राजीव जैन ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को चंद्रशेखर आज़ाद के संघर्ष, साहस और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर देश निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र सिंह के साथ शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “शहीद चंद्रशेखर आज़ाद अमर रहें” के गगनभेदी नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

मेयर ने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज का साझा दायित्व है, ताकि राष्ट्रप्रेम और सेवा की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मेयर राजीव जैन ने स्प्रिंग एरा स्कूल परिवार का इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

About The Author