सोनीपत: 17 जुलाई को पीएम मोदी के हरियाणा दौरे की तैयारियां तेज, भाजपा ने बनाई रणनीति
सोनीपत: पीएम मोदी के हरियाणा दौरे के लिए संगठान की बैठक की अध्यक्षता करते मोहनलाल बड़ोली।
सोनीपत, अजीत कुमार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को हरियाणा आगमन और जींद में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोनीपत में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई और विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को सुबह 9 बजे जींद पहुंचेंगे। इस दौरान वह देश की आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री प्रदेश की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर हरियाणा को नई विकास सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा।
बैठक में जिला प्रभारी सतीश नांदल ने सभी मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
बैठक में राई की विधायक कृष्णा गहलावत, खरखौदा के विधायक पवन खरखौदा, सोनीपत के मेयर राजीव जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी तथा सभी पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
