July 9, 2026

सोनीपत: जनशिकायतों पर डॉ. अनमोल सख्त, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Dr. Anmol takes a strict stance on public grievances; issues directives for immediate action.

सोनीपत: डॉ. अनमोल जनता की समस्या सुनती हुई।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शुगर मिल के प्रबंध निदेशक डॉ. अनमोल की अध्यक्षता में गुरुवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर डॉ. अनमोल ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉ. अनमोल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए सचिवालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सहजता से मिल सके।

शिविर में पटेल नगर निवासी द्वारा नए बिजली कनेक्शन की मांग, सरस्वती विहार में झुके हुए बिजली के खंभों को ठीक कराने तथा प्लॉट के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को व्यवस्थित करने की शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा गांव मिमारपुर में अमान्य तालाबों को बंद कराने तथा गलत बिजली बिल को संशोधित करने संबंधी शिकायतें भी दर्ज कराई गईं।

इसी प्रकार एल्डिको काउंटी निवासी कल्याण समिति की ओर से सोसायटी की संपत्ति पर अवैध कब्जे के प्रयास तथा मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने की शिकायत भी समाधान शिविर में प्रस्तुत की गई। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए डॉ. अनमोल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर निवारण करना है।

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त राजपाल सिंह, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author