July 5, 2026

हरियाणा के खाद विक्रेताओं की सरकार से गुहार: यूरिया-डीएपी वितरण नीति पर पुनर्विचार की मांग

Haryana fertilizer dealers appeal to the government: Demand for reconsideration of the Urea-DAP distribution policy.

सोनीपत: बैठक में आए हरियाणा सीड्स, फर्टिलाइजर एवं पेस्टीसाइड एसोसिएशन के पदाधिकारी।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा के मुरथल स्थित एक निजी होटल में प्रदेशभर के खाद विक्रेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने हरियाणा सरकार से यूरिया एवं डीएपी खाद वितरण नीति पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था से हजारों निजी खाद विक्रेताओं का व्यापार और लाखों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा यूरिया और डीएपी का लगभग 60 प्रतिशत वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से किए जाने के निर्णय से निजी खाद विक्रेताओं के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। यदि इस नीति में बदलाव नहीं किया गया तो प्रदेश के करीब 10 हजार निजी खाद प्रतिष्ठानों पर असर पड़ेगा और बड़ी संख्या में लोगों के रोजगार पर संकट आ सकता है।

सोनीपत में सेवा का संगम: मेगा स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर में 218 मरीजों को उपचार, जरूरतमंदों को वस्त्र व घरेलू सामान वितरित

प्रतिनिधियों ने कहा कि निजी खाद विक्रेता वर्षों से किसानों के भरोसेमंद सहयोगी रहे हैं। खेती के प्रत्येक मौसम में वे किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के साथ आवश्यकता पड़ने पर उधार सामग्री देकर भी उनकी मदद करते हैं। उनका कहना था कि अनेक किसानों के सहकारी समितियों में खाते नहीं हैं या वे विभिन्न कारणों से वहां से खाद लेने में असमर्थ हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बैठक में यह भी कहा गया कि निजी विक्रेता नियमित रूप से वस्तु एवं सेवा कर तथा आयकर का भुगतान कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में योगदान देते हैं। इसलिए सरकार ऐसी संतुलित नीति बनाए, जिससे सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं दोनों की भूमिका बनी रहे तथा किसानों को अपनी सुविधा के अनुसार खाद खरीदने का विकल्प मिल सके।

बैठक में हरियाणा सीड्स, फर्टिलाइजर एवं पेस्टीसाइड एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनकी यह मुहिम किसी के विरोध में नहीं, बल्कि किसानों की सुविधा, व्यापारियों के हित और प्रदेश की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

इस अवसर पर संजय सिंगला सोनीपत , अमित गोयल करनाल , अक्षय जैन सफीदो, महेंद्र जैन पानीपत , संजय गर्ग यमुनानगर, संदीप लोहान अलेवा, राजकुमार गोहाना, अमित गोहाना, रवि गर्ग दादरी, संदीप नरवाना, सुनील खत्री सोनीपत, सुरेंद्र गोहाना, बबलू चेयरमेन जींद, सुरेन्द्र उचाना, मुकेश गोयल रोहतक, प्रमोद बंसल झज्जर, सतीश गुप्ता बिन्नी सोनीपत, तरुण खत्री सोनीपत, संजीव जींद , संजय बंसल कैथल, बलबीर बैंसी, जितेंद्र मान मुंडाल आदि , पदम सिंगला नारनौंद ने भाग लिया।

About The Author