June 27, 2026

सोनीपत: पुलिस लाइन के पास जनरेटर की बैटरी चोरी, वारदात सीसीटीवी में कैद

Sonipat Generator battery stolen near Police Lines; incident captured on CCTV.

सोनीपत: कैफे टुडे के बाहर रखे जनरेटर से बैटरी चोरी करते हुए सीसीटीवी में कैद।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में पुलिस लाइन के पास गोहाना रोड स्थित कैफे टुडे के बाहर रखे जनरेटर से बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात पुलिस लाइन से करीब एक सौ मीटर की दूरी पर हुई। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

कैफे संचालक मनजीत कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब 11 वर्षों से दुकान चला रहे हैं। दुकान के बाहर बिजली कटौती के समय उपयोग होने वाला जनरेटर रखा था। करीब डेढ़ माह पहले ही जनरेटर में सेल्फ स्टार्ट के लिए नई बैटरी लगवाई गई थी। रात में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आए दो युवक पहले आसपास की रेकी करते रहे। इसके बाद जनरेटर के बैटरी बॉक्स का ताला तोड़कर बैटरी निकाल ली और फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी रात 12 बजकर 48 मिनट 38 सेकंड पर मौके पर पहुंचे। पहले कई बार ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। आहट मिलने पर बीच-बीच में पीछे भी हटते रहे। बाद में मोटरसाइकिल चला रहा युवक नीचे उतरा और लगातार सात वार कर ताला तोड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपी करीब तीन मिनट 54 सेकंड के भीतर बैटरी निकालकर मोटरसाइकिल पर रखकर फरार हो गए। दुकानदार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी बैयांपुर और दूसरा खरखौदा क्षेत्र का रहने वाला प्रतीत हो रहा है। इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author