June 18, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में वन संपदा तस्करी और चोरी मामले में पांच गिरफ्तार

Five arrested in forest produce smuggling and theft case in Sonipat

AI से जनरेट फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अवैध वन संपदा तस्करी तथा दुकान से सामान चोरी करने की घटनाओं का खुलासा करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को वन संपदा तस्करी मामले में दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि चोरी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पहले मामले में जिला अपराध शाखा वेस्ट की टीम ने अवैध रूप से खैर की लकड़ी की तस्करी करने के आरोप में तसलीम और शकील को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 17 जून को सूचना मिली थी कि गांव चिरसमी स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल के पास एक कैंटर में अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जाई जा रही है। सूचना के बाद सीआईए-एक तथा वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को कब्जे में ले लिया।

जांच के दौरान चालक और उसके सहायक खैर की लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, ई-वे बिल या रवाना चालान प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने कैंटर सहित लकड़ी का वजन गन्नौर स्थित धर्मकांटे पर कराया। वाहन सहित लकड़ी का कुल वजन 19025 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद कैंटर और खैर की लकड़ी को कब्जे में लेकर थाना गन्नौर लाया गया। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

दूसरे मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने दुकान से डेढ़ टन का एसी, कॉपर कॉइल और बिजली फिटिंग की तार चोरी करने के आरोप में रोहित, नवीन और विकास को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार ने बताया था कि वह मॉडल टाउन स्थित किराये की दुकान में एसी मरम्मत का कार्य करता है। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वह कई दिनों तक दुकान नहीं जा सका। 17 जून को दुकान पहुंचने पर एसी, कॉपर कॉइल और बिजली फिटिंग की तार चोरी मिली। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

About The Author