सोनीपत क्राइम: चोरी के शक में युवकों को बांधकर पीटा, वीडियो वायरल
सोनीपत: वायरल विडियों में चोरी के आरोप में पकडे गए युवक।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के मेहंदीपुर गांव में चोरी के शक में दो युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में कुछ ग्रामीण दोनों युवकों को रस्सी से बांधकर खेत में बैठाए हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवकों को तेज धूप में बैठाकर उनसे पूछताछ की गई और मारपीट भी की गई।
ग्रामीणों का दावा है कि दोनों युवक चोरी की गई ट्यूबवेल मोटर बेचने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। वीडियो में दिखाई देता है कि युवकों के हाथ-पैरों के बीच डंडा फंसाकर उन्हें रस्सियों से बांधा गया। कुछ स्थानों पर उनके कपड़े भी उतरवाए गए और उनसे चोरी के बारे में पूछताछ की गई। मारपीट के दौरान दोनों युवकों से कथित तौर पर चोरी स्वीकार करवाने का प्रयास भी किया गया।
वीडियो में दोनों युवक स्वयं को मुरथल क्षेत्र का निवासी बताते दिखाई दे रहे हैं। पूछताछ के दौरान वे एक-दूसरे पर चोरी की योजना बनाने और मोटर चोरी करने का आरोप लगाते भी नजर आते हैं। वीडियो में एक युवक ग्रामीणों से हाथ बांधने की बात कहते हुए दिखाई देता है। बाद में दोनों को खेत में बैठाकर लगातार पूछताछ की गई। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से खेतों से ट्यूबवेल मोटर, बिजली के तार और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं हो रही हैं। गांव के सरपंच रमेश ने दावा किया कि मेहंदीपुर, गढ़ी और बख्तावरपुर सहित आसपास के गांवों में अब तक 99 चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि पकड़े गए दोनों युवक चोरी की गई मोटर बेचने की फिराक में थे।
हालांकि ग्रामीणों ने युवकों को तुरंत पुलिस के हवाले नहीं किया और स्वयं ही उन्हें दंडित किया। घटना का वीडियो भी बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सरपंच के अनुसार यह घटना लगभग 18 से 20 दिन पुरानी है। मुरथल थाना पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
