सोनीपत क्राइम: दिनदहाड़े महिला के कान से बाली छीनकर फरार हुआ बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
एक युवक महिला के कान की बाली तोड़कर भागते हुए सीसीटीवी में कैद हो गया है।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शहर के कच्चे क्वार्टर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई कान की बाली की घटना से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। भीड़भाड़ वाले इलाके में एक अज्ञात युवक ने महिला के कान से बाली झपट ली और मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। वह महिला के पास पहुंचा और अचानक उसके कान से बाली छीनकर दौड़ते हुए फरार हो गया। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में घटित हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घटना के समय बाजार में लोगों की अच्छी-खासी आवाजाही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोपी कुछ क्षण और मौके पर रुकता तो उसे आसानी से पकड़ लिया जाता। हालांकि उसकी यह हरकत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
