सोनीपत क्राइम: सोनीपत के बहालगढ़ में कई घरों से लाखों का सामान चोरी
सोनीपत बहालगढ़ क्षेत्र में प्रवीण कुमार के घर चोरी की वारदात के बाद खिखरा सामान।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के बहालगढ़ क्षेत्र में देर रात चोरों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ितों के अनुसार चोर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। एक पीड़ित ने आरोप लगाया कि वारदात के समय उसका भाई घर के नीचे सो रहा था, लेकिन उसे घटना की भनक तक नहीं लगी।
प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोर उनके घर से तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, करीब दो ग्राम सोने का ओम, एक सोने की अंगूठी, एक घड़ी, मोबाइल फोन और करीब 16 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि चोरी से उन्हें लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उनके परिवार में 22 जून को रिश्तेदारी में विवाह समारोह है। इसके लिए घर में सामान खरीदकर रखा गया था। दो दिन पहले उन्होंने एटीएम से 19 हजार रुपये निकाले थे, जिनमें से कुछ राशि खर्च हो चुकी थी, जबकि शेष नकदी घर में रखी हुई थी।
उन्होंने बताया कि घटना के समय वह ड्यूटी पर गए हुए थे। बच्चे घर को ताला लगाकर छत पर सो रहे थे, जबकि उनका भाई नीचे सो रहा था। पीड़ित के अनुसार 15 जून की रात गली में अन्य स्थानों पर भी चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन सबसे अधिक नुकसान उनके घर में हुआ। 16 जून की सुबह ड्यूटी से लौटने पर उसे चोरी का पता चला। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में रोष और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बहालगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
