मनोज शर्मा की पहल: इविया ब्यूटी का स्वास्थ्य शिविर बना कर्मचारियों के लिए वरदान
मनोज शर्मा की पहल: इविया ब्यूटी का स्वास्थ्य शिविर बना कर्मचारियों के लिए वरदान
सोनीपत, अजीत कुमार। कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इविया ब्यूटी कंपनी परिसर में एक दिवसीय विशाल निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कंपनी के प्रबंधक मनोज शर्मा की पहल पर आयोजित इस कैंप में सैकड़ों कर्मचारियों एवं स्टाफ सदस्यों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई। कर्मचारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य के प्रति प्रबंधन की संवेदनशील सोच का परिचायक बताया।
मेडिकल कैंप का शुभारंभ समाजसेवी भारत दुआ की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में अधिकांश कर्मचारी नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। ऐसे शिविर कर्मचारियों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके परिवारों को भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाते हैं।
कैंप में दंत रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग एवं सामान्य चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विपन अनेजा ने मौखिक स्वास्थ्य संबंधी जांच की, जबकि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विजेता दहिया एवं डॉ. गरिमा ने महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव रेल्हान ने आंखों की जांच कर डिजिटल उपकरणों के अधिक उपयोग से होने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक किया। वहीं, डॉ. चांद किशोर ने सामान्य स्वास्थ्य, रक्तचाप, मधुमेह एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की जांच कर आवश्यक सुझाव दिए।

प्रबंधक मनोज शर्मा ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी और सरल हो जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर उन्होंने कंपनी के प्रबंध निदेशक अनिल आर्य, अभिषेक आर्य और अचल आर्य का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि जरूरतमंद कर्मचारियों को जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे के उपचार और फॉलो-अप में भी सहयोग प्रदान किया जाएगा।
