June 16, 2026

सोनीपत: दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे लक्ष्मण पुरस्कार विजेता शनीष

Sonipat Lakshman Award winner Shanish to represent India in South Korea.

सोनीपत: अंतरराष्ट्रीय टेनिस एवं सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी शनीष मणि मिश्रा कुलपति अशोक कुमार।

सोनीपत, अजीत कुमार। अंतरराष्ट्रीय टेनिस एवं सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी शनीष मणि मिश्रा भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए दक्षिण कोरिया रवाना हो गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित शनीष वर्तमान में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा से जुड़े हैं। वे 15 से 22 जून 2026 तक दक्षिण कोरिया के इंचियॉन में आयोजित एन.एच. नॉनह्युप बैंक अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस कप प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

इस अवसर पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के कुलपति अशोक कुमार ने शनीष को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि शनीष अपनी प्रतिभा, मेहनत और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के दम पर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। शनीष भारतीय सॉफ्ट टेनिस के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च खेल सम्मान लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कई अवसरों पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि शनीष वर्ष 2023 और 2024 में भी इसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। दोनों बार उन्होंने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था। लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण वे भारतीय सॉफ्ट टेनिस के अग्रणी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।

शनीष ने बताया कि दक्षिण कोरिया में होने वाली यह प्रतियोगिता उनके लिए विशेष महत्व रखती है। उनका मानना है कि यहां अच्छा प्रदर्शन आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में उनकी दावेदारी को और मजबूत करेगा। वे इसी वर्ष जनवरी में अहमदाबाद में आयोजित एशियाई खेलों के प्रथम राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भी शामिल रहे थे। प्रतियोगिता में रवाना होने से पहले शनीष ने कहा कि वे पूरी तैयारी, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ कोरिया जा रहे हैं। उनका लक्ष्य भारत के लिए एक बार फिर पदक जीतना और आगामी एशियाई खेलों की टीम में स्थान सुनिश्चित करना है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

About The Author