सोनीपत खबर: सोनीपत विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला जेल में 90 यूनिट रक्तदान
सोनीपत: रक्तदाताओं को सर्टीफिकेट देते हुए मंत्री डा. अरविंद शर्मा व मेयर राजीव जैन
सोनीपत, अजीत कुमार। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला जेल सोनीपत में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सिविल सर्जन कार्यालय के सहयोग से किया गया, जिसमें जेल अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 90 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
हरियाणा सरकार के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान सोनीपत के मेयर राजीव जैन भी उपस्थित रहे। मंत्री के जिला जेल पहुंचने पर जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा और मेयर राजीव जैन ने जिला जेल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और बैज देकर सम्मानित किया गया। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन आवश्यक है। रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने इसे मानवता की सच्ची सेवा का उदाहरण बताया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक राजेंद्र सिंह, डॉ. भानू तथा जेल प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
