मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा: मंत्री ने केंद्रीय योजनाओं पर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया
सोनीपत: पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बच्चों को सम्मानित करते हुए।
- मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया
सोनीपत, अजीत कुमार। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को आधार बनाकर सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे, कृषि, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल तकनीक और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं।
सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. अरविंद शर्मा ने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया गया।
डॉ. शर्मा ने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का अवलोकन करते हुए लोगों से योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने लघु सचिवालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, श्रमिकों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार का उद्देश्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि सड़क, रेल, हवाई सेवाओं और डिजिटल संपर्क के क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास हुआ है। आधुनिक सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, नए हवाई अड्डों और रेल परियोजनाओं ने देश की प्रगति को गति दी है। उन्होंने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उत्तर भारत के विकास का नया केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि धारा-370 और 35ए को हटाना, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करना तथा करतारपुर गलियारे का निर्माण ऐसे फैसले हैं, जिन्होंने देश की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत किया है। कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत और जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विषयों पर चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डॉ. शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनमें राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। बाद में प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिला, व्यापारी और श्रमिक वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम मेयर राजीव जैन ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से युवा पीढ़ी को पिछले 12 वर्षों में देश में हुए बदलावों की जानकारी मिल रही है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, नगर निगम संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, शुगर मिल गोहाना की प्रबंध निदेशक अंकिता वर्मा, नगराधीश सिमरन सहित अनेक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
