June 14, 2026

बिहार: सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले पाटलिपुत्र स्टेशन पर हंगामा, ट्रेनों में तोड़फोड़; छह गिरफ्तार

Uproar at Patliputra station and vandalism of trains ahead of constable recruitment exam; six arrested.

पटना, जीजेडी न्यूज। बिहार में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने रेलवे की अव्यवस्थाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने ट्रेनों को रोक दिया और स्टेशन पर तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में हो रही परेशानियों और यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने रेलवे स्टेशन की दुकानों और परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व बार-बार आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेनों को रोक रहे थे और अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की मांग कर रहे थे, जबकि रेलवे पहले ही दो विशेष ट्रेनों का संचालन कर चुका था।

जिलाधिकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने उन अभ्यर्थियों को भी रोकने की कोशिश की जो परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होना चाहते थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। प्रशासन ने बताया कि अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं और सभी निर्धारित ट्रेनें अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी हैं।

वहीं, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में दूरदर्शिता की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में भेजकर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।

उधर, पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद जमुई रेलवे स्टेशन पर भी अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।

About The Author