सोनीपत क्राइम: सोनीपत में महिलाओं से मारपीट यौन उत्पीड़न का आरोप,एक पुरुष समेत चार घायल
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार ने गांव के कई लोगों पर व्यक्ति को रास्ते में घेरकर बेरहमी से मारपीट करने, उसके हाथ-पैर तोड़ने तथा बाद में घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट, अभद्रता और यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगे हैं। घटना में एक पुरुष सहित चार लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शनिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि उसका पति दूध बेचने के लिए घर से निकला था। कुछ लोगों ने उसका पीछा कर महलाना गांव के पास रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर घायल किया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। चिकित्सकों ने उसे फिलहाल बयान देने के लिए अयोग्य बताया है।
शिकायत के अनुसार हमले के बाद आरोपित परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। उसी रात करीब बारह बजे कुछ लोग हथियारों के साथ घर में घुस आए। उस समय घर में तीन महिलाएं थीं। महिलाओं के साथ मारपीट की गई, बाल खींचे गए, कपड़े फाड़े गए तथा उनके साथ अभद्रता की गई। शिकायत में यौन उत्पीड़न और निजी अंगों पर हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। महिलाओं को घर से बाहर गली तक घसीटने का आरोप है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मदद के लिए पहुंचे रिश्तेदारों पर भी हमला किया गया। साथ ही बोलेरो और मारुति गाड़ियों में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया तथा शीशे तोड़ दिए गए। सदर थाना पुलिस ने मारपीट, घर में घुसकर हमला करने, महिलाओं के साथ अभद्रता, यौन उत्पीड़न, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
