नीट परीक्षा: सोनीपत में 21 जून को नीट परीक्षा में आठ परीक्षा केन्द्रों पर 2569 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
सोनीपत: उपायुक्त नेहा सिंह।
सोनीपत, अजीत कुमार। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। सोनीपत शहर में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2569 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्रों में दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रत्येक केंद्र पर नागरिक प्रशासन और पुलिस विभाग से एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए बैंकों में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। वहां सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों और जैमर की कार्यक्षमता भी परखी जाएगी।
पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष यातायात योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश के दौरान परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
जिला स्तर पर विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रखा गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के निकट एम्बुलेंस और चिकित्सा दल उपलब्ध रहेगा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षार्थी आधी बांह के कपड़े पहनकर आएं। खुली चप्पल, सैंडल या कम एड़ी वाले जूते पहनने की अनुमति होगी। घड़ी, अंगूठी, कंगन, गहने, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, इयरफोन, माइक्रोफोन, हेल्थ बैंड, बटुआ, हैंडबैग, बेल्ट और टोपी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल साथ ला सकते हैं।
