सोनीपत: हरियाणा पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के 28 विजेताओं का प्रताप विद्यालय में स्वागत
सोनीपत: 14वीं हरियाणा राज्य पेंचक सिलाट चैंपियनशिप विजेताओं का विद्यालय परिसर में शानदार स्वागत करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। कुरुक्षेत्र में आयोजित 14वीं हरियाणा राज्य पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में प्रताप विद्यालय, खरखौदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य सहित कुल 28 पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए हुआ है। शुक्रवार को विजेताओं का विद्यालय परिसर में शानदार स्वागत किया गया।
सीनियर वर्ग में कुनाल राठी, अभिषेक और गौतम ने स्वर्ण पदक जीते। अंकित ने रजत तथा शुभम ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में तन्न्या, शुभम, हर्षित, वंशु दहिया और निखिल दहिया स्वर्ण पदक विजेता रहे। देवांश ने रजत जबकि कार्तिक, सौरभ और अतिक ने कांस्य पदक प्राप्त किए। सब जूनियर वर्ग में आशीष सैनी, समीक्ष मान, सत्यम, जीतन, धीरज, कार्तिक धामिया, दिव्यांश चौधरी और यश ने स्वर्ण पदक जीते। आशीष मलिक और हर्ष ने रजत पदक हासिल किए, जबकि चिराग नंदा, अमोल खटाना और मानविक यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किए। प्री-टीन वर्ग में दक्ष ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता खेल निदेशक ओम प्रकाश दहिया, संस्थापक सत प्रकाश दहिया, प्राचार्य दया दहिया, अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया, कोच जगमेंद्र पंचाल और अभिभावकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित खेल निदेशक ओम प्रकाश दहिया ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और कोचों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी हरियाणा और प्रताप विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के पेंचक सिलाट खिलाड़ी अब तक छह अंतरराष्ट्रीय और 136 राष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं, जो संस्थान की खेल उपलब्धियों का प्रमाण है।
