सोनीपत मेयर राजीव जैन: ड्रेन नंबर-6 का अधूरा कार्य फिर हुआ शुरू, दो माह में पूरा करने का लक्ष्य
सोनीपत: ड्रेन नंबर-6 के अधूरे कार्य का निरीक्षण करते मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। शहर के बीचों-बीच स्थित ड्रेन नंबर-6 को ढकने का वर्षों से लंबित कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। इस परियोजना के तहत ड्रेन के पांच शेष जॉइंटों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा, जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। नगर निगम ने इस कार्य को आगामी दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए बताया कि ड्रेन नंबर-6 को कवर करने की महत्वाकांक्षी परियोजना वर्ष 2017 में लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई थी। परियोजना का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन शहर के प्रमुख मार्गों पर स्थित पांच पुलों को जोड़ने का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ था, जिससे नागरिकों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था।
मेयर ने बताया कि निर्माण कार्य कर रही गावड़ कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रारंभ में शेष कार्य पूरा करने के लिए तैयार नहीं थी। हालांकि, कई दौर की वार्ताओं और स्थानीय निकाय विभाग के मुख्यालय से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद कंपनी ने कार्य पूरा करने पर सहमति जताई। इसके बाद अब निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मुरथल रोड, बहालगढ़ रोड, सिक्का कॉलोनी, आईटीआई रोड तथा शादीपुर क्षेत्र में पुलों के साथ-साथ ड्रेन की सफाई के लिए विशेष मार्ग भी विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शादीपुर से राठधना तक ड्रेन कवर करने के दूसरे चरण के कार्य में भी तेजी लाई जाएगी। मेयर राजीव जैन ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद ड्रेन क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शुरू कराया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
