सोना-चांदी में बड़ी गिरावट: रिकॉर्ड ऊंचाई से 20 हजार सस्ता हुआ सोना, चांदी 1.23 लाख रुपये टूटी
AI से जनरेट फोटो।
AI से जनरेट फोटो।
नई दिल्ली, अजीत कुमार। सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर 1,654 रुपये घटकर 1.56 लाख रुपये रह गई है। इससे पहले 23 मई को सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी की कीमत भी 2,650 रुपये प्रति किलोग्राम घटकर 2.63 लाख रुपये पर पहुंच गई है।
हालांकि कीमतों में हालिया गिरावट के बावजूद वर्ष 2026 की शुरुआत की तुलना में सोना अब भी काफी ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को सोने की कीमत लगभग 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 1.76 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। इसके बाद लगातार मुनाफावसूली और बाजार की बदलती परिस्थितियों के कारण कीमतों में गिरावट आई है। वर्तमान में सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से करीब 20 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।
चांदी में गिरावट और भी अधिक देखने को मिली है। वर्ष 2025 के अंत में 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रहने वाली चांदी जनवरी 2026 में 3.86 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंच गई थी। लेकिन इसके बाद बाजार में तेज गिरावट का दौर शुरू हुआ और बीते 118 दिनों में चांदी करीब 1.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य-पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद निवेशकों का रुझान इस बार सोना-चांदी की बजाय नकदी की ओर बढ़ा है। अनिश्चित परिस्थितियों में निवेशक अपने कीमती धातुओं के निवेश को बेचकर नकदी सुरक्षित रखना पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची कीमतों के बाद बड़े निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली ने भी बाजार में आपूर्ति बढ़ाई, जिससे कीमतों पर दबाव बना।
विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि सोना खरीदते समय हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदें और खरीदारी से पहले विभिन्न स्रोतों से उस दिन के बाजार भाव की पुष्टि अवश्य करें, ताकि सही कीमत पर शुद्ध सोना प्राप्त किया जा सके।