आरएसएस का बयान: लोकतंत्र में हर आवाज के लिए जगह, कॉकरोच जनता पार्टी पर बोले सुनील आंबेकर
कॉकरोच जनता पार्टी के मुद्दे पर बोलते आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर।
नई दिल्ली, अजीत कुमार। सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा है कि लोकतंत्र में विभिन्न विचारों और मतों की अभिव्यक्ति स्वाभाविक प्रक्रिया है और इसे चिंता या आश्चर्य का विषय नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र इतना मजबूत और व्यापक है कि वह हर प्रकार की आवाज और भावना को अपने भीतर समाहित कर सकता है।
सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक अंदाज में सक्रिय ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ हाल के दिनों में युवाओं, विशेषकर जेन-ज़ी (जेन-जी) के बीच काफी लोकप्रिय हुई है। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स कई स्थापित राजनीतिक दलों, यहां तक कि भाजपा से भी अधिक बताए जा रहे हैं। इसी को लेकर देशभर में चर्चा और विवाद का माहौल बना हुआ है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सुनील आंबेकर ने कहा कि भारत एक जागरूक समाज है, जहां लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान किया जाता है। देश में पारदर्शी चुनाव, स्वतंत्र मीडिया और सोशल मीडिया जैसे खुले मंच मौजूद हैं, जहां प्रतिदिन विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद और बहस सामान्य बात है और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा माना जाना चाहिए।
सीजेपी को लेकर कुछ भाजपा नेताओं ने इसके पीछे संदिग्ध मंशा और कथित विदेशी, विशेषकर पाकिस्तानी संबंधों के आरोप लगाए हैं। वहीं केंद्र सरकार द्वारा सीजेपी का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट ब्लॉक किया जा चुका है और यह मामला फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
आंबेकर ने कहा कि भारत के युवा देश के भविष्य को लेकर आशावादी हैं और उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि आरएसएस को भी देश के युवाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में उठने वाले विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए संस्थागत और संवैधानिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में आरएसएस को तत्काल हस्तक्षेप करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि मीडिया, राजनीतिक दल और अन्य लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वयं इन विषयों से निपटने में सक्षम हैं। उल्लेखनीय है कि कई विपक्षी नेताओं, जिनमें महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद और अखिलेश यादव शामिल हैं, ने सीजेपी के समर्थन में बयान दिए हैं। कुछ फिल्मी हस्तियों और कॉमेडियनों ने भी सोशल मीडिया पर इसके पक्ष में अपनी राय व्यक्त की है।
